Friday 17 April 2020

कोरोना डायरी

द्वंद अभी न मंद हो
उत्साह और उमंग हो।
एक विकल्प यही सही
घर मे सब बंद हो ।।

कुछ छिटक गए कही
बिखर गए इधर उधर।
छद्म भेष धर लिए
पहुच गए नगर डगर।।

कोरोना सा काल ये
जुनून सर पर लिए।
बुझ न जाये कही
मनुज हित के दिए ।।

है लगे यहाँ वहाँ
जो जिंदगी के जंग में।
वो टूट न जाये कही
अराजको के संग में ।।

मानवता संतप्त और त्रास है
ये विश्व समर का काल है।
कोविडासुर का अब
निश्चय ही संहार है।।

Friday 27 March 2020

कोरोना डायरी-3

                    आप इस बात को जीतना जल्दी समझ ले कि ये विषराज "कोविडानंद-उन्नीस" किसी भी रूप में रक्तबीज राक्षस से कम नही है। असुर रक्तबीज की कहानी आपने पढ़ा होगा।देवासुर संग्राम में रक्तबीज का प्रसंग आज के स्थिति में शायद प्रासंगिक  है।वह एक ऐसा शक्तिशाली राक्षस था,जिसके शरीर से खून की एक-एक बूँद गिरने पर उतने ही रक्तबीज राक्षस पैदा हो जाते थे।इस प्रकार यह अनेक युद्ध जीता। उसके पश्चात देवताओ के अनुरोध पर माँ दुर्गा को काली के विकराल रूप में प्रकट होकर, रक्तबीज से युद्ध करना पड़ा। किन्तु जब -जब रक्तबीज पर प्रहार होता उससे गिरने वाले रक्त से एक नया रक्त बीज पैदा हो जाता। तब माँ काली ने अपनी जीभ का विस्तार किया और गिरने वाली हर रक्तबन्द को जीभ पर ले अपने अंदर ले लिया और इस प्रकार असुर रक्तबीज का वध कर दिया। 

           अर्थात ये "लॉक डाउन" भी उसी का विस्तार है ताकि हर कोई इसे अपने अंदर लेकर इसके विस्तार को खत्म कर दे नही तो यह रक्तबीज की तरह बढ़ता जाएगा और आपको अपनी और औरो की  इच्छा के प्रति काली की तरह रौद्र रूप धारण करना पड़ सकता है।

                 कहते है महाभारत के युद्ध के तीसरे दिन कुरुक्षेत्र के मैदान में श्रीकृष्ण अर्जुन को भीष्म का वध करने को कहते हैं, परंतु अर्जुन उत्साह से युद्ध नहीं कर पाते, जिससे श्रीकृष्ण स्वयं भीष्म को मारने के लिए उद्यत हो जाते हैं। जबकि श्रीकृष्ण ने युद्ध मे शस्त्र नही उठाने को प्रतिज्ञाबद्ध थे।अतः अर्जुन उन्हें प्रतिज्ञारूपी आश्वासन देकर कौरव सेना के साथ पूरे उत्साह के साथ युद्धरत होना पड़ा। फिर भी अठारह दिन लग गए।

              आज "लॉक डाउन" का तीसरा दिन है और यह दिख रहा है कि लोगो को इस युद्ध मे लड़ने से हतोत्साहित होकर नियमो को भंग करने को आतुर हो रहे है। इस विषराज "कोविडानंद-उन्नीस" से युद्ध  इक्कीस दिनों में समाप्त हो जाएगा इसकी संभावना कम है। फिर भी हतोत्साहित होने की जरुरत नही है। क्योंकि बल्कि राम-रावण युद्ध भी चैरासी दिनो तक चला था। अतः अपने उत्साह में कमी न आने दे, इस युद्ध मे आप ही कृष्ण है और आप ही अर्जुन।

                पुनः आधुनिक संजय(मीडिया) से युद्ध की खबर ले।  कुरुक्षेत्र के इस मैदान में जिन योद्धाओं की जरूरत है ,वो युद्धरत दिख रहे है,आप इनकी लड़ाई को आगे न बढ़ाये ।घर में बैठने पर भी आपको योद्धा रूप में स्वीकार किया जाएगा। बाकी आपकी मर्जी....

Thursday 26 March 2020

कोरोना डायरी

आज नवरात्रि का दूसरा दिन है। नवरात्रि के दूसरे दिन मां के दूसरे स्वरूप ब्रह्मचारिणी की पूजा-आराधना की जाती है। फिर ब्रह्मचारिणी स्वयं में ब्रह्रा और चारणी का संधि है।जिसमें ब्रह्म का अर्थ तपस्या और चारिणी का मतलब आचरण करने वाली। फिर ऐसे मान्यता और विश्वास बेसक पुरातन हो लेकिन ये सार्वकालिक ही है। तो फिर वर्तमान में आज लॉक डाउन का देश मे भी दूसरा दिन है। बेशक महिषासुर मर्दन  नौ दिनो में हो गया था, कौरवो को पराजित करने में अठारह दिन लगे।किन्तु  "कोविदानंद- उन्नीस" तो कम से कम 21 दिनों का संघर्ष निश्चित है और आगे भी बढ़ सकता है। इसलिए ये सभी के लिए आचरण युक्त तपस्या का समय है। फिर आप इस तपस्या की सिद्धि के लिए अपने आचरण को ऐसे ढाले की आपके पांव लक्ष्मण रेखा का उल्लंघन नही करे।

          हमारे पास तो खैर अभी कोई कोई चारा नही है। हम लॉक डाउन में रहना चाहते है,लेकिन अब तक अनलॉकिंग प्रोसेस में ही है। पूरे रोड पर जब कोरोना का खौफ और सन्नाटा पसरा हो और उस समय जब मोटरसाइकिल की आवाज उन सन्नाटो को चीरती हुई आगे बढ़ती है, तो मन का द्वंद में कौन सा राग छिड़ता है, कहना मुश्किल है।

       वक्त ने गंभीरता ओढ़ ली है।आंकड़ो की रफ्तार बता रहा है। जो इसको अब तक हर बात की भांति इसे भी हवा में सिगरेट की छल्लो की तरह उड़ाना चाहते है, शायद वो भी अब थोड़ा संजीदा हो जाये। इसलिए अब इक्कीस दिनों के लिए बेहतर है, बाहर निकलने से पहले इक्कीस बार सोचे।

             बाकी कुरुक्षेत्र के मैदान में जो योद्धा अपने अस्त्र-शस्त्र के साथ डटे है, उनको इस युद्ध मे जीतने में अपना योगदान दे और ये तभी आप कर सकते है जब आप अपने आपको सुरक्षित घर पर रखे।घर के दहलीज को लांघना विषराज को घर पर आमंत्रित करना है। बाकी आधुनिक संजय से आप प्रतिपल इस युद्ध का खबर लेते रहे, लेकिन गान्धारी की तरह आंख पर पट्टी न बांधे। खुली आंख से देखे और स्वयं आकलन करे।

Tuesday 24 March 2020

कोरोना डायरी

हमे कभी-कभी बड़ा कोफ्त होता है। हमे किसी ऐतिहासिक घटनाक्रम के साक्षी होने का मौका अब तक नही दिखा। लेकिन अब एक मौका आखिर कोरोना ने दे ही दिया। गंभीर तो इसके प्रति हम पहले ही दिन से थे, लेकिन आने वाला कल इतना उथल-पुथल वाला होने जा रहा है, इसका अंदाज न था।
           इससे पहले भी कई बीमारी नाम बदल-बदल कर आते रहे है। कभी सार्स, तो कभी मार्स, कभी बर्ड फ्लू उड़ने लगा तो कभी स्वाइन फ्लू छाया, कभी एंथ्रेक्स से घबराए रहे।
         लेकिन ये कोरोना ने तो वाकई घटनाक्रम में ऐतिहासिक मोड़ ले आया। कोविड-19 अब इतिहास के पन्नो में दर्ज हो गया। जब देश सबसे लंबे लॉकडाउन के दौर से गुजरेगा।
         ज्यादा दुखी होने की कोई जरूरत नही है।अब इसके अलावा कोई चारा भी नही है।"सटले तो गइले" कई दिनों से सोशल मीडिया पर सचेत किया जा रहा था। लेकिन आप हम है कि मानते नही। फिर ये चेताया कि हॉस्पिटल में इतने बेड नही है कि आपको रखना संभव हो और फ़ोटो फ्रेम किसी को भला क्यों कबूल हो फिर घर के अलावा और कोई दूसरा उपाय अब तक किसी एक्सपर्ट ने बताया नही।
     अतः घर की चहारदीवारी ही आपकी लक्ष्मणरेखा है। जाने कब से सभी भागने में व्यस्त थे। थोड़ा मौका मिला है सुस्ता ले और घर मे बैठे-बैठे कहानी बुनिये। ताकि आने वाले समय मे आप भी कहानी सुना सके कि  एक बार जब "कोरोना विष राक्षस" के महापराक्रमी पुत्र "उन्निसानन्द कोविड" को आपने घर मे बैठे-बैठे ही परास्त कर दिया। इस ऐतिहासिक घटना क्रम में आपके योगदान को आने वाली पीढ़ी सराहेगी और जब आप से बार-बार ये पूछेगी की बताइए न आखिर बिना अस्त्र और शस्त्र के आपने "उन्निसानन्द कोविड" को कैसे परास्त कर दिया?
         और फिर आप सिर्फ बिना कुछ कहे मुस्कुरायेंगे। भला क्या कहेंगे ..जब मानव मंगल ग्रह पर घर बनाने की बात सोच रहा था, तब भी हम सब के पास "उन्निसानन्द कोविड" को हराने के लिए घर मे बैठने के बिना और कोई कारगर अस्त्र नही था।

Tuesday 3 March 2020

दिल्ली दंगा


               दिल्ली की हवा तो पहले से खराब है, इसकी जानकारी तो हमे थी। किन्तु हवा इतनी जहरीली हो गई है इसका एहसास तो आने के बाद हुआ।  क्रंदन और वंदन का दौर अब भी अनवरत है। धार्मिक कुनिष्ठा के साथ सहनशीलता की अतिरेक प्रदर्शन तो हो ही गया। फिर भी यथोचित मानवीय गुणों को तो तभी ही सहेजा जा सकता है।जब वर्तमान आपका सुरक्षित हो।असुरक्षा के भाव धारण कर कब तक इंसानी जज्बात और मानवीय संवेदना को आप वैसे ही सहेज पाते है,कहना कठिन है। 
                एक कानून के ऊपर स्वभाविक रूप से बौद्धिक या अनपढ़ जो भी हो स्व-पंथ के एक चादर में आकर विरोध का स्वर दे, किन्तु लोकतांत्रिक मूल्यों से कोई वास्ता न रखे। तो ऐसे भीड़ को उन्मादी और वहशी में तब्दील करने में विशेष परिश्रम नही करना पड़ता है।वैसे स्थिति में तो और भी आसान है जब आप पहले से ही किसी को अपना दुश्मन मान बैठे है।  
              जब वर्तमान अभिव्यक्ति की आजादी के हर्ष से अतिरेक होकर बढ़ रहे है, तो शायद वो बहुत कुछ बाहरी कारको से प्रभावित हो परिमार्जित होकर प्रदर्शित हो रहा है। ध्रुवीय विचारो का ऐसा परिवर्धन अगर होगा तो फिर उसका परिणाम दिल्ली दंगो के रूप में ही निकल कर आएगा।वर्तमान में एक पक्षीय उभार को देखने के लिए भूत के  ससंकित भाव भी ऐतिहासिक परिपेक्ष्य में उतने ही समकालीन है।क्योंकि विभाजन एक ऐतिहासिक सत्य है।अतः बहुसंख्यक भाव को भी उसी मानवीय मनोविज्ञान के परिधि में ही तलाशने की भी आवश्यकता है। 
                 कानून और व्यवस्था उस मानवीय पहलू और भाव का भाग है, जहाँ बहुसंख्यक नागरिक उस पर विश्वास रखता है।  फिर यह भी विचारे की बदलते भूगोलीय और भू-खंडीय परिपेक्ष्य में यह भाव सास्वत है या फिर इसके बदलने की स्वभाविक वृति है।इसके नए उभार और आयाम ऐसे ही बदलते रहे तो व्यवस्था दिल्ली की तरह मूक दर्शक बने रह जाएंगे। 
              तमाम विरोधभास और अन्य के प्रति अपनी निष्ठा के बीच इतनी गुंजाइस अवश्य रहे की कम से कम इंसान कैसे इंसान बना रह सके  इन प्रश्नों पर भी विचार करने के अवसर बचा रहे।