Saturday 28 December 2019

चिलका--झील....पानी ही पानी

         समय की रफ्तार नियत है। किंतु सोच की रफ्तार अनियत है। 2019 का रश्मि रथ वर्ष की अंतिम राह पर अग्रसर है। फिर ये नूतन और पुरातन वर्ष के संक्रमण काल में सुई की घड़ी अपनी नियत रफ्तार से टकटकी लगाए दौर रहा है।
      
              जाजपुर प्रवास को लगभग चार वर्ष हो गए। केन्द्रीय सेवा में आप यायावरी ही करते रहते है।ये आपको देश के विभिन्न क्षेत्रों की विविधता से रूबरू होने के कई मौके देता है। फिर आप उस सेवाकाल में खुद के लिए समय निकाल कर उसे अपने नजरिये से देखने और समझने का प्रयास करते है।आस-पास के दर्शनीय क्षेत्रो में जगन्नाथ मंदिर पूरी, कोणार्क का सूर्य मंदिर, लिँगराज मंदिर भुवनेश्वर जो कि विश्वविख्यात है उसके साथ-साथ आस-पास ही कई और विख्यात बौद्ध स्थल और स्थानीय तौर पर प्रसिद्ध का भ्रमण हो चुका। किंतु अब भी कुछ जगह बाकी रह रह गए थे , जिसका भ्रमण बाकी था। उसमें सबसे प्रमुख नाम चिलका झील है। 

         जाजपुर रोड से चिलका ज्यादा नही बस दो सौ बीस किमी है। अगर आप यहां आने से  पूर्व गूगल बाबा के सानिध्य में कुछ पल बिताते हैं तो आपको पता चलेगा कि "चिलका झील" के नाम से बेसक प्रसिद्ध हो, लेकिन भोगोलिय परिभाषा में ये "लैगून या अनूप" कहलाता है।अनूप अथवा लैगून किसी विस्तृत जलस्रोत जैसे समुद्र या महासागर के किनारे पर बनने वाला एक उथला जल क्षेत्र होता है जो किसी पतली स्थलीय पेटी या अवरोध (रोध, रोधिका, भित्ति आदि) द्वारा सागर से अंशतः अथवा पूर्णतः अलग होता है। यह लगभग ग्यारह सौ वर्ग किमी की दायरे में फैला हुआ है।खैर

      ऐसे भी ये वर्षांत वनभोज के रूप लोग एक दिन अवश्य घर से बाहर भ्रमण करना चाहते है। तो बैठे-बैठे अकस्मात चिलका के विस्तृत फैले जल प्रवाह की ओर ध्यान चला गया।अवकाश का स्वीकृति सामान्यतः एक दुरूह क्रिया है।फिर भी जैसा कि  राहुल सांकृत्यायन कहते है-"बाहरी दुनिया से अधिक बधाये आदमी के दिल मे होती है"। तो मैंने दिल की बाधाएं से पार पाते हुए मौखिक आवेदन प्रस्तुत कर दिया और एक दिन की हामी मुँह बाये सीपी के मुंह मे एक ओंस की बूंदों गिरने जैसा लगा ।वैसे तो अगर योजनाबद्ध अवकाश के आवेदन हो तो एक के साथ आगे-पीछे दिनों के उपसर्ग और प्रत्यय के रूप में कुछ और इजाफा हो जाते है। किंतु अनियोजित कार्य मे ध्येय पर ही ज्यादा ध्यान होता है, इसलिए उसका प्रयास ही नही किया।खैर
      
      यहां जाजपुर रोड से वाहन के द्वारा ही भ्रमण ज्यादा उपयुक्त  है सो पूर्व परिचित वाहन मालिक से संपर्क कर गाड़ी की उपलब्धता सुनिश्चित कर लिया।सर्दी का मौसम यहां काफी खुशनुमा और रूमानी है।जिसमे आप सर्दी से डरकर रजाई में खुद को छुपाने का प्रयास नही करते।जब देश का उत्तरी क्षेत्र भीषण सर्दी से ठिठुर रहा है । यहां एक अदद स्वेटर फिलहाल की शीत ऋतु से गुफ्तगू करने में मशगूल है।सुबह सवेरे छह बजे हम अपने आवास से उन आगंतुक पक्षियों से मिलने अपनी गाड़ी से निकल गए। जाजपुर रोड से लगभग बारह किमी की दूरी तय करने के बाद हावड़ा- चेनाई राष्ट्रीय राजमार्ग एन एच-16 के ऊपर आ गए। रोड की स्थिति कमोबेश आप अच्छा कह सकते है। यदि आप किसी अन्य स्थान से ओडिशा के भ्रमण पर है तो आपके लिए भुवनेश्वर या कटक ज्यादा मुफीद है। वैसे चिलका में रेलवे स्टेशन है किंतु कोई भी प्रमुख गाड़ियां यहां रुकती नही है। जाजपुर रोड से पानिकोइली, कटक, भुवनेश्वर होते हुए हम राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर हम खुर्दा रोड के रास्ते बढ़ चले। भुवनेश्वर से लगभग सत्तर किमी की यात्रा के पश्चात मुख्य राजमार्गों से काटती हुई एक अन्य मार्ग दिखा जिसपर चिलका की ओर तीर का निशान इंगित कर रहा था कि अब हम झील के आसपास पहुँच चुके है। तटीय क्षेत्र के अनुरूप पूरा परिदृश्य नारियल के पेड़ और अन्य वनिस्पतियो के आच्छादित आपको आह्लादित कर सकता है।कोई दस मिनट के बाद अब हम चिलका तट पर पहुँच चुके, अब समय दिन के लगभग ग्यारह बज गए ।वैसे अगर आप जगन्नाथ पूरी दर्शन के लिए जाते है तो वहां से लगभग नब्बे किमी की दूरी पर "सदपदा" नामक स्थान भी  चिलका झील के भ्रमण के नाम पर आपको गाइड ले जा सकते है, जो कि मुख्यतः समुद्र और चिलका झील का मुहाना है और डॉल्फिन के लिए प्रसिद्ध है। लेकिन चिलका में चिलका झील का भ्रमण आपको ज्यादा आनंदित करेगा।"चिलका विकास प्राधिकरण" के तहत यहां का विकास कार्य संचालित है। 

        विशाल जलराशि के निकट हम पहुच गए। दूर तक फैले झील आपको प्रकृति में समाहित सौंदर्य के अप्रितम कल्पना लोक में लेकर चल देता है। बादलो को चीरते सूर्य की बिंब नाव के धार के तरंगों पर जैसे लग रहा है जैसे किसी अनुगुंजी संगीतो पर थिरकने में लगी हुई है। पक्षी यही धरती के है या किसी और लोक में हमें विचरण करा रहा है, इसी कल्पना के पंख पर हम उड़ने लगे, तब तक साथ आये ड्राइवर ने कहा ये- ये टिकट काउंटर है यहां पर आप टिकट लेकर बढ़े ,मैं यही इंतजार करूँगा। आंख खोले हुए भी शायद तंद्रा की अवस्था हो सकती है, इसको अभी महसूस किया। वैसे भी अज्ञेय ने एक जगह लिखा  हैं - “वास्तव में जितनी यात्राएँ स्थूल पैरों से करता हूँ, उस से ज्यादा कल्पना के चरणों से करता हूं।” 

            यहां "सी डी ए" संचालित बोटिंग की व्यवस्था है, साथ ही साथ आस-पास के  लोगो के रोजगार का एक प्रमुख स्वय के बोट पर्यटक को झील के सौंदर्य का भ्रमण कराते है। किंतु "सी डी ए" संचालित बोटिंग में क्षमता के अनुरूप पर्यटक के आने के बाद खुलती है। लेकिन प्राइवेट बोट आपके अनुरूप ही चलेगी। किन्तु इसमे आपका पर्स कुछ ज्यादा ढीला होगा। अब समय और पर्स दोनों के तुलनात्मक भाव कर आप किसी बोट में भ्रमण कर सकते है।छोटो बोट की क्षमता दस से सोलह लोगो की होती है, जबकि "सी डी ए" संचालित बड़ी बोट की क्षमता लगभग पचास से साठ की है।

                 अब एक सौ अठारह नंबर के नाव पर बुकिंग की प्रक्रिया के बाद झील के तट पर पहुच गए।नाविक "कालिया" वहां अपने बोट के साथ हमे मिल गया।ये बोट लगभग दस लोगो की क्षमता के अनुरूप हम सभी उसमे सवार हो गए। अब बोट किनारा छोड़ झील की यात्रा पर निकल गया। वन-भोज के इरादे से हम निकले ,इसलिए घर से खाने के टिफ़िन हमारे साथ चला। वैसे यहां आपको कोई अच्छा होटल नही मिलेगा दूसरा समय अलग से जाया होता है। इसलिए नाव अपने मांझी और पतवार के साथ चलते ही हमने वन-भोज की जगह चिलका में "जल-भोज" के लिए बैठ गए। इसी दौरान कालिया हमे बताया कि किनारे इसकी गहराई तीन फुट तक है जबकि चिलका की सबसे ज्यादा गहराई लगभग तीस से चालीस फुट तक है। वो खुद मछवारे के परिवार से है और ये नाव खेना उसके रोजगार से ज्यादा उसका शौक है। क्योंकि पेशे से वह राज्य सरकार के प्राथमिक स्कूल में शिक्षक है। अभी स्कूल में छुट्टियां होने के कारण वो यहां है। कुछ भावुक सा होता बोला बचपन से इन्ही पानी के आसपास पला-बढ़ा है, इसलिए मौका मिलते ही वो पानी मे पहुच जाता है।कभी-कभी तो वो मछली की खोज में तीन से चार दिन इसी नाव पर गुजारते है।खाने-पीने का सामान सब साथ ही होता है। यह कहते हुए वह पानी के बीच होते हुए भी जैसे कही और विचरण करने लगा। शायद प्रतिकूल या अनुकूल कोई भी स्थिति हो , किसी के सानिध्य में बिताए कल, रह-रह कर हमें अपनी ओर खींचता है। बोट ने अपनी रफ्तार पकड़ ली, सुदूर तक  निगाहे बस पानी मे तैरने लगा।धरती और आकाश का मिलन तो क्षितिज कहलाता है।किंतु यहां पानी और आकाश की नीलिमा कब एक दूसरे के संग मिल करवटे बदलते है सब कुछ अविस्मरणीय, अद्भुत सा प्रकृति में समाई अनंत अदृश्य मनोरम छटा से आप सिर्फ विस्मृत से होते जाते है। कही नेपथ्य जैसे लगा "मिलन" फ़िल्म का गीत-" सावन का महीना पवन करे शोर" चिलका के हवाओ में तैरने लगा।अब तक लगभग झील के अंदर पांच किमी की यात्रा कर एक छोटे से पत्थरो के द्विप पर पहुँच गए। जिसे "चढ़ाईहाड़ा' के नाम से जानते है। पानी के बीच पत्थरो पर दो-चार फ़ोटो क्लिक कर अब आगे बढ़ गए। जैसे-जैसे आगे बढ़ते गए पानी के अंदर अब हल्की श्याम और श्वेत उबर-खाबड़ परिछाई जैसे तैरने लगी। हमे लगा जैसे और किसी द्विप के नजदीक आ गए। यहां झील की गहराई अब कम होकर तीन से चार फुट हो गया। तब तक कालिया ने बताया कि इसे ही "नालंबना द्वीप" कहते है। ये पक्षियों के लिए प्रसिद्ध है।ऐसा अनुमान है कि प्रवासी पक्षीयो   की लगभग 205 प्रजातियाँ  इस मौसम यानी दिसम्बर से फरवरी में  इस झील पर आती है।सर्दियों में यह झील कैस्पियन सागर, ईरान, रूस और दूर स्थित साइबेरिया से आने वाले प्रवासी पक्षियों का निवास स्थान बन जाती है। अब जहां देश मे एन आर सी और सी ए बी पर कितने लोग स्वयं के पहचान को लेकर सशंकित हो रहे है। वही ये सभी पक्षियां विभिन्न सुदूर भागो से आकर यहां बेखबर होकर जल-क्रीड़ा में मग्न है। इसके आगे अब जाना मना है, क्योंकि आगे पंक्षियों के संवर्धन के कारण प्रवेश निषेध है।स्वयं के लिए सशंकित इंसान और जीवो के पहचान के लिए कितना संवेदनशील है, इस विरोधभाष मे दिमाग को उलझने का यहाँ कोई औचित्य नही नजर आया। विस्तृत फैले क्षेत्र में सिर्फ पानी ही पानी एक समतल सतह पर कही कोइ चिन्ह या निशान नही बता रहा है। लेकिन इन जलराशि के मध्य सुखी बांस बल्ली बिल्कुल तन कर खड़ा है। जैसे चिलका के मध्य यह अपनी हरियाली को पुनः प्राप्त करने के लिए प्रयास रत है। कालिया ने बताया चिलका की यात्रा में यही इनके दिशा निर्देशक तंत्र है।समय अपनी रफ्तार से भगा जा रहा था। इसलिए अब आगे बढ़ कर कालीजाई द्वीप में कालीजाई देवी के मंदिर  में आ गए। मंदिर के हुंडी में आने वाला चढ़ावा अभी भी पास के "बालू गाँव" ,के राजा के वंशज को जाता है। मान्यता है कि उसी राजा ने देवी की मंदिर स्थापित किये।जिसके विषय मे कई किवंदतियां प्रसिद्ध है,किन्तु वो कहानी फिर कभी। काली जय द्विप लगभग ढाई-तीन किमी में फैला हुआ पहाड़ी क्षेत्र है। इसके भी आसपास विविध प्रवासी पंक्षियों की जमघट लगा हुआ है।सतपड़ा, बालुगाँव, रंभा और बारकुल से होते हुए नौकासवारी के माध्यम से आप चिल्का झील के महत्व को महसूस कर सकते हैं।बीच झील के किनारे आपको आईएनएस चिलका "भारीतय नौसेना" पूर्वी तट का मुख्यालय भी है। जहां विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण चलते है । किन्तु उसके लिए आप समय की प्रचुर मात्रा अपने साथ लेकर चले। यहां घूमते-घूमते समय अब मुठ्ठी से रेत की भांति फिसलने लगा। ऊपर आसमान में सूरज भी लगा जैसे थक कर निढाल हो रहा है। और यहां से लगभग पांच घंटे की यात्रा कर वापस जाजपुर भी लौटना है। इसलिए नाव के संग-संग प्रवासी पक्षियों के संग हम वापसी की यात्रा पर चल दिये। 

1 comment:

  1. आपकी इस प्रविष्टि् के लिंक की चर्चा कल मंगलवार (31-12-2019) को    "भारत की जयकार"     (चर्चा अंक-3566)  पर भी होगी।--
    चर्चा मंच पर पूरी पोस्ट नहीं दी जाती है बल्कि आपकी पोस्ट का लिंक या लिंक के साथ पोस्ट का महत्वपूर्ण अंश दिया जाता है।
    जिससे कि पाठक उत्सुकता के साथ आपके ब्लॉग पर आपकी पूरी पोस्ट पढ़ने के लिए जाये।
    --
    हार्दिक शुभकामनाओं के साथ।सादर...!
    डॉ.रूपचन्द्र शास्त्री 'मयंक'

    ReplyDelete