Thursday 16 January 2014

पन्नों में दबी चींख

गर्म हवा जब मचलती है ,
सारे पन्ने फरफरा उठते है। 
एक बार फिर लगता है कि  
जिंदगी ने जैसे आवाज दी। 
हम ढूंढते है ,खोजते है, 
गुम साये को 
आज में तलाशते है। 
ये पन्नों कि फरफराहट 
चींख सा लगता है। 
दबे शिला में  जैसे कोई घुँटता है।  
अक्षरों कि कालिख , 
स्याह सा छा जाता  है।  
धुंधली तस्वीर 
आँखों में कई उतर आता है।  
कितने ही साँसों का ब्यौरा 
बचपन कि किलकारी 
यौवन का सपना 
धड़कते दिल से इंतजार 
शौहर का करना 
बूढ़े नयनों में आभास 
समर्थ कंधो की 
जो छू ले नभ वैसे पंजों की। 
जो धड़कते थे , जाने कैसे रुक गए  
कारवां ख़ुशी के  
बीच सफ़र में ही छूट गए ।   
हर एक की कहानी 
इन पन्नों में सिमटी है ,
एक नहीं अनेकों  
रंग बिरंगे जिल्द में ये लिपटी है। 
सागवान के मोटे फ्रेमों में 
पारदर्शी शीशे के पीछे 
किसी कि साफगोई, 
या किसी चाटुकारिता कि किस्सागोई ,
न  जाने कितनी अलमारियाँ 
सजी-सजी सी पड़ी है। 
प्रगति और विचारवानो के बीच 
ड्राइंग रूम कि शोभा गढ़ी है। 
किन्तु बीच -बीच में 
न जाने कैसी हवा चलती है ,
इन आयोगों के रिपोर्ट में दबी 
आत्मा कहर उठती है। 
वो चीखतीं है ,चिल्लाती है ,
काश कुछ तो ऐसा करो  
की  इन पन्नों को 
रंगने कि जरुरत न पड़े। 
हम तो इन पन्नों में दबकर 
जिसके कारण अब तक मर रहे ,
उन कारणों से कोई 
अब न मरें। ।

Monday 13 January 2014

संक्रांति का संक्रमण


कर्म में लीन 
पथ पर तल्लीन 
रवि के चक्र से बस इतना समझा 
दक्षिणायण  से  उत्तरायण में
प्रवेश कि बस  है महत्ता। । 

ग्रहों के कुचक्र हमसे ओझल  
जो उसे बाधित नहीं कर पाता  
मास दर मास न विचलित हो 
पुनः धरा में नव ऊर्जा का  
तब संचार है कर पाता। । 

हम उस प्रयास को 
भरपूर मान देते है 
लोहड़ी ,खिचड़ी ,पोंगल मना  
इस संक्रमण को 
किसी न किसी रूप में सम्मान देते है। । 

बिंदु और जगहवार
उसकी पहचान करते है  
बेवसी और ख़ामोशी से  
कल्पित हाथ हर पल   
जहाँ उठते और गिरते है।। 

कि आज का ये दिन 
पिछले मासों के कालिख भरी पसीनो को 
आज का स्नान धो देगा 
ये कटोरी में गिरते तिल के लड्डू 
इस आह में ख़ुशी भर देगा। । 

चलो संक्रांति के इस संक्रमण को 
इस विचार से मुक्त करे 
हाथ उठे न कि उसमे 
हम कुछ दान करे 
सतत प्रयास हो जो मानव सम्मान करें। ।

(सभी को मकर संक्रांति कि हार्दिक शुभकामना )

Saturday 4 January 2014

कल क्या किया ?

                    आज सप्ताह का पहला दिन ऑफिस कि दिनचर्या से निपट कर सदा कि भांति मोटर साईकल से निकलने ही वाला था कि विभाग के अन्यत्र  ऑफिस के  एक परिचित कार्मिक  मिल गए। मित्र नहीं है किन्तु हमदोनों के व्यवहार मित्रवत सा ही है।कुसमय के मिलन ने  दिल में कोफ़्त चेहरे ने मुस्कान बिखेरा।  औपचारिकता निभाते हुए पूछा -और क्या हाल है?
उनमे औपचारिकता कम था बेतक्लुफ्फ़ अंदाज में जबाव मिला- बढ़िया
आप कैसे है ? -मैंने भी कहा ठीक-ठाक
अन्य सहकर्मी के अभिवादन में दृष्टि उनसे हटाते ही  बोले  -लगता है लेट हो रहे है श्रीमतीजी को समय दे के आये है क्या ?
कुछ सही होते हुए भी सहज दिखावा कर  मैंने कहा -नहीं ऐसी कोई बात नहीं ,समय क्या देना हर रोज तो यही समय होता है। गुजरते हुए सभी जल्दी में दिख रहे थे।
उन्होंने इसपर कोई खास ध्यान नहीं दिया।
 मेरी आँखों में झांककर पूछा -और कल क्या किया ?
बड़ा अजीब सा प्रश्न मै असहज हो कर पूछा -मैं कुछ समझा नहीं।
उन्होंने मेरी स्थिति भांप ली। अरे नहीं आप से मेरा मतलब था कि इस ऑफिस की दिनचर्या से कुछ अलग भी करते है या इसी में उलझ कर रह जाते है।
समय अपनी रफ़्तार से निकल रहा था मैं  मन ही मन उसे कोस रहा था। कम्बख्त निकलते समय क्यों मिल गया। मैंने मुस्कुराने का प्रयास करते हुए कहा- और कुछ काम करके नौकरी से निकलवाने का इरादा है क्या?
अरे नहीं -आप तो कुछ और ही समझ बैठे।
मैं बैठा कहाँ था अच्छा खासा जाने को तैयार खड़ा था किन्तु ये नाचीज कहाँ से आ टपका। मैंने बात समाप्त करने के इरादे से कहा -नहीं कल और कुछ नहीं किया और   मोटर साईकल की सीट पर बैठ गया। उन्होंने इसको नजर अंदाज करते कहा -नहीं मेरा मतलब था कि इस दिनचर्या से अलग और कुछ नहीं करते। लगता है ये खुन्नस निकाल रहा है और वेवजह इतनी सर्दी में मुझे विलम्व करा रहा है। थोड़ा चिढ़ते हुए मैंने कहा नहीं करते है न -बाजार जाता हूँ ,बच्चो को घर में पढ़ाता हूँ और कल भी ये सभी काम किये थे,आस-पास परिवार के साथ घूम भी आये इससे ज्यादा कुछ नहीं  ।
इसके अलावा और कुछ नहीं।काफी दिनों बाद उनसे मुलाकात हुई थी ,मन ही मन मैंने सोचा की लगता है सर्दी कि वजह से इनका दिमाग जम गया है। उल-जलूल बाते कर रहे है।
इसके अलावा और क्या काम होता है आकस्मिक छोड़ कर और वक्त किसी काम के लिए मिलता कहाँ । थोड़ी शुष्कता आवाज में आ गई।रोड लाईट ने रौशनी बिखेरना शुरू कर दिया।
अरे नहीं आप तो नाराज हो गए। मैं तो बस ऐसे ही पूछ बैठा-मुस्कुरा कर कहा।
पता नहीं क्यों पुनः   मोटर साईकल को स्टैंड पर लगा खड़ा हो गया।अपनी खींझ को दबाकर लगभग चिढ़ते हुए  पूछा -किन्तु आपने अभी तक नहीं बताया की आपने कल क्या किया ?
मुस्कुराते हुए कहा -आपने अब तक पूछा कहाँ। मैं झेंप गया। सिहरन शरीर में दस्तक देने लगा।
उन्होंने फिर कहा -बगल के बस्ती में अपने मुहल्ले से सारे पुराने कपडे इक्क्ठा कर बाटने गया था। सर्दी बहुत बढ  गई है न ,अभी फिर वही जाना है कल थैले छोड़ आया था  अगले हफ्ते फिर जरुरत पड़ेगी । यही तो एक अवकाश का दिन होता है अपने काम के अलावा थोडा बहुत प्रत्येक सप्ताह ये कुछ जरुरत मंदो के हिसाब से करने कि कोशिश करता हु,अपने परिवार के भी समय का ध्यान रखते हुए । ये काम तो चलता ही रहेगा और  दिन में चौबीस घंटे होते है ये तो सभी को पता है,उसी घंटो में से कुछ समय ऐसे लोगो के लिए निकालने की कोशिश करता हूँ । उनकी नजर मेरे चेहरे पर था और मेरा चेहरा सर्द। अच्छा अभी जरा बिलम्व हो रहा हूँ
उन्होंने मोटर साईकल चालू कर शुभ रात्रि कहा और चल दिए। पता नहीं क्यों मैं अनमयस्क सा उन्हें जाते हुए देख रहा  था। ……सर्दी से ठिठुरते  रोड किनारे के  कुछ चेहरे मेरे आँखों में परावर्तित होने लगे।  

Wednesday 1 January 2014

नव वर्ष सबको मंगलमय हो।

नव वर्ष सबको मंगलमय हो

काल चक्र के  नियत क्रम में,
समां गए गत वर्ष अनंत  में,
क्या खोया क्या पाया हमने,
करे विवेचन स्व के मन में। ।

नए ओज उत्साह का भान कर,
स्व से विमुक्त हम का मान कर,
सम्पूर्ण धरा सुख से हो संवर्धित,
मनुज सकल को हो सब अर्पित। ।

घृणा ,क्रोध,सब असुर प्रवृति,
दिन-हिन् दारिद्र्य सी वृति,
बीते काल समाये गर्त में,
न हो छाया इसकी नव वर्ष में। ।

मंगल मन मंगल सी भावें,
ह्रदय मनोरथ और जो लावें,
कृपा दृष्टि सदा नभ से बरसे,
   न कोई वंचित उत्कर्ष मन हर्षे। । 

कटु सत्य यथार्थ भी कुछ है, 
नागफनी, कहीं चन्दन वृक्ष है ,
पर जिजीविषा हर जगह अटल है ,
घना तिमिर अरुणोदय पल है। । 

यश अपशय से ऊपर उठकर ,
सहज भाव आत्म सुख से भरकर, 
नव आलोक मुदित सब मन हो 
नव वर्ष सबको मंगलमय हो। । 

Saturday 28 December 2013

आने वाला नव वर्ष

                                        अस्ताचलगामी रथ पर आरूढ़  काल  चक्र अपने पथ पर सतत गतियमान अंतिम परिदृश्य को नाट्य मंचन पर सफल सम्प्रेषण कर अतीत के गर्भ में वर्ष २०१३ लगभग  विलोपित होने के कगार पर  .......।  नूतन किशलय से सुस्सजित,स्वर्ण आवरण से विभूषित नव् नव वर्ष २०१४  के प्रथम नव किरण के सुस्वागत हेतु विहंग दल कलरव को तत्पर  ..........।   अनंत उम्मीदो के दामन संकुचित मन से थामे,हर्ष के अतिरेक संभानाओं के असीम द्वार के ऊपर चक्षु अधिरोपित किये ,श्याम परछाई को गीता मर्म समझ कर्म कि गांडीव पर नूतन प्रत्यंचा का श्रृंगार, सफलता के सोपान पर विजय पताका आशाओ के डोर के साथ नभ में बल खाने को मन आतुर … ………  । आशा से निराशा का संचार, अवसाद से विलगाव, चुके लक्ष्य को पुनः भेदने कि मंशा, सुप्त  ह्रदय में ओज का भान, नव का आगमन भविष्य के गर्भ में समाये मणिकाओ का वरण,क्षितिज के अंतिम बिंदु तक छू लेने की  आश का प्रस्फुटन  अनगिनत लोचन में परिलक्षित ………।  ।
                             देश और काल से इतर उन्नत मानव की  गरिमा मानव के द्वारा ही बिभिन्न द्वारों पर ठोकर खाती हिंसा कि घृणित विकृत सोच से कुचली हुई महसूस करती आँखें , जहाँ नवीन का प्रकाश और विगत के तम में न भेद लक्षित नहीं है और न ही इसे भेद कर पाने की इच्छा शक्ति , जो अपने भाग्य की अदृश्य रेखा को वर्त्तमान के धुंधलेपन में खोजने के अलावा कही शिकायत नहीं करते ,उन आँखों में नए अरुणोदय से नए विश्वास का सृजन हो   ……।       विकास के अवधारणा से  गर्वित  जन में , खुद को इस गौरवान्वित  मानव प्रतिष्ठा से वंचित के प्रति धारणा में सकारात्मक बदलाव उनके पारिस्थितिक और मानसिक उन्नत्ति में सहायक बने  वर्ष के रूप में  प्रतिष्ठित हो इस विश्वास  का संचार हो …....... …।  
                          इच्छाओ की अनंत विमाएं हर वक्त किसी न किसी कोण से जागृत होती है और काल की वृति अपने मनोयोग से गुजरती जिससे पहुँच अधूरा रह जाता  जो  अपूर्णता का भान कराती है.………।   शायद इसी अपूर्णता को भरने का क्रम ही जिंदगी है और नव दिवस का आगमन इस उत्साह को पुनः ह्रदय लक्ष्य कर उस अपूर्णता को पूर्ण करने का सांकेतिक परिघोषणा……   ।   आने वाले नव  किरण की  छटा बिखरते स्व-कल्याण से अभिमत मन में सम्पूर्ण लोक के प्रति समदृष्टि का संचार सदैव से समरूप में धरा पर बिखरती किरणो से हर किसी के ह्रदय में उत्त्पन्न हो.……… । नव प्रभात की  बेला विगत के स्याह अनुभव, अंतर्मन के पारस्परिक द्वन्द का दोहन कर असीम ऊष्मा का नव संचार करे........... । नव वर्ष २०१४ का आगमन सभी को  सांसारिक सुख से संवर्धित करने  के साथ-साथ नए आत्मिक उत्थान को प्रेरित  कर धरा के विभिन्न वर्गों में परस्पर आत्मिक सम्बन्धो के  संचार से वसुधैव कुटुंबकम्ब की दिशा में कोई नया सूत्र प्रतिपादित करेगा,  इसी आशा एवं विश्वास के साथ सभी को आने वाले  नव वर्ष की  हार्दिक शुभकामना  …………