Thursday 31 October 2013

द्वन्द

नजर अधखुली सी 
ख्वाव अधूरे से 
आसमान कि गहराई पे पर्दा 
बादल झुके झुके से। 
अविरल धार समुद्र उन्मुख 
पूर्ण को जाने कैसे भरता। 
एहसास सुख का या 
सुख क्या? एहसास कि कोशिश।  
हर वक्त एक द्वन्द 
किसी और से नहीं 
खुद से खुद का तकरार। 
नियत काल कि गति 
फिर क्यों नहीं कदम का तालमेल। 
जो है उसे थामे,सहेज ले 
या कुछ बचा ले जगह 
जो न मिला उसकी खोज में। 
हर रोज जारी है 
अधूरे को भरने कि  
और भरे हुए को हटाकर 
नए जगह बनाने का द्वन्द । । 

Saturday 26 October 2013

लक्ष्य


ह्रदय व्यथित चित्त अधीर
मुख  मलिन शांत क्यों ?
दृष्टि यूँ झुंकी -झुंकी
नयन ज्योति क्लांत क्यों ?
अर्थ शब्द नित-नियत  ,
भाव  क्यों बदल रहे  ?
अथाह मन जो धीर था,
सिर्फ बातों से  उथल रहे  ?
हताश  पस्त अस्त-व्यस्त
जाने क्यों डिग रहे। 
लहर के  हर प्रहार सा
कदम कदम पर झुक रहे। । 
किससे ये द्वन्द है
         किसपर विजय गुमान है,
      धरा नीर जब रक्त-पथ
              तब कहाँ अतृप्त निदान है ?
खुद से  है छल रहे,
  जाने क्यों मचल रहे 
                मस्तष्क मणि अहिन्ह* चाह 
            गरल सिक्त मन कर रहे। 
       दम्भ-दंड पर जब खड़े  
       ऊंचाई का कहाँ भान हो 
       असीम तृष्णा वेग प्रवाह 
                  वेद सूक्त कैसे न निष्प्राण हो।। 
जब प्रलय थी अथाह
गति न थम पाई तब 
मनुज अंश एक यगुल
असंख्य रूप प्रकट अब। 
एक काया एक तब 
असंख्य कोशिका मेल सब। 
शूल का कही प्रहार 
असहय वेदना कहीं उभार। 
मनुज मन समग्र हो 
इतना न व्यग्र  हो 
देव अंश सब धरा पे 
पल कुचक्र पर न अधीर हो। । 
            कृपणता बस त्याग हो 
            ह्रदय शक्ति संचार हो 
    शूरवीर वंशजो में 
          बस मनुजता वास हो  
तरकशें है पड़ी 
       सब वाण से है  भरीं 
      थपेड़ो से मन उभार 
        कर प्रत्यंचा से श्रृंगार 
    मन से बस एक हो 
   नहीं कोई संदेह हो 
         शत्रु दंभ ,विचार अधर्म 
       सभी लक्ष्य भेद हो।।  
*सर्प           

Monday 14 October 2013

मन का आँगन

जीवन में पाने की भाग दौड़ 
या दौड़ते हुए जीवन खोने की होड़  
पता नहीं क्या ,
आज कुछ वक्त निकल आया 
जाने कैसे ,
वक्त का मै या फिर मेरा वक्त ,
दो पल चैन से गुजारूं।  
अपने मन के आँगन में 
कुछ वक्त आज मै इसको निहारूं।   
झाँका जो धीरे से 
मन के झरोखे में ,
धुंधली परत जाने क्या 
भर आया था उस कोने में। 
मटमैले  रंगों का ढेर था जमा 
कबसे न देखा उसका था निशाँ। 
खर पतवार जाने कैसे कब घुस आये थे 
इस दौड़ में कब मन से लिपट समाये थे। 
कभी इसको माँ -बाबूजी ने 
करीने से सजाया था ,
वक्त के साथ इस आँगन में झांकना 
ये भी बताया था। 
किन्तु आपा-धापी में 
ये सब छुट गया , 
इसकी स्वच्छता का ध्यान 
खुद में रखना भूल गया। 
इस गंदगी के छीटें 
सफलता से बेशक न डिगाते  है , 
औरों की बात क्या अपनों के ही नजर में  
शायद गर्त तक गिरातें है।  
सबसे पहले बैठ कर  
अब इस को बुहारुङ्गा ,
शीतल विचारो से सींच 
उसे और निखारुंगा। 
शरीर  के साथ-साथ 
मन भी स्वच्छ साफ़ रहे
समय गुजरे अपने रफ़्तार से 
इसमें झांकना निर्बाध रहे। ।  

Sunday 13 October 2013

रावण दहन


                
 स्वधर्म का बोध नहीं रहा 
बिंबों  पर कुंठा निकालते है 
कितने चिंगारी भरकाने वाले 
दशानन पर तीर चलाते है।  
पुरातन को ढोते आये  
वर्तमान को खोते जाते है 
अपने ग्रह का ध्यान नहीं 
नव ग्रह की चिंता जताते है।  
मौके की तलाश है बस 
छद्म भेष में मारीच छाये है
जलते दशानन हर वर्ष की भांति 
फिर खुद के हाथ जलने आये है। । 

------मंगलकामना एवं विजयादशमी की
 हार्दिक शुभकामनाओं सहित-------------- 

Thursday 10 October 2013

सचिन तेरे बिन


                               अंतत वही हुआ जिसका डर था।  आये है सो जायेंगे ये तो शास्वत सत्य है,चाहे जीवन का क्षेत्र हो या खेल का मैदान हो  किन्तु बिलकुल वैसे ही जैसे हर इन्सान ज्यादा से ज्यादा इस संसार में अपना समय  गुजरना चाहता है और काया  के प्रति मोह नहीं जाता। वैसे ही हम तुम्हे ज्यादा से ज्यादा खेलते हुए देखना चाहते थे,इस अंध मोह का क्या कारण है ये तो विश्लेषण का विषय होगा। किन्तु  ये क्या अचानक सन्यास की घोषणा कर ऐसे ही लगा की अब क्रिकेट में मेरे लिये बस काया  रह गया और उसका आत्मा निर्वाण  के लिए प्रस्थान कर गया। 
     ढाई दशक की यात्रा किसी खेल में कम नहीं होती और उसपर भी अपने आपको शीर्ष पर बनाए रखने का दवाव उफ़ । किन्तु हमारा मन कभी ये मानने को तैयार नहीं था की तुम भी इसी हाड मांस के साधरण मानव हो। हमारे  नजर में तुम एक अवतार से कम नहीं थे। जिसका दिव्य प्रभाव सिर्फ क्रिकेट के मैदान को ही आलोकित न कर ,उसके बाहर की भी दुनिया इस चमत्कार से हतप्रभ रहा। हर किसी ने तुमसे किसी न किसी रूप में प्रभावित रहा। बेसक वो क्रिकेट का कोई जानकार रहा हो  या इस खेल से दूर तक नाता न  रखने वाले  मेरे बाबूजी रहे हो । 
        तुम्हारे आंकड़े जो की खेल के  दौरान मैदान पर  बने वो तो पन्ने में दर्ज है उसकी क्या चर्चा करना। वो तो "हाथ कंगन को आरसी क्या और पड़े लिखे को फारसी क्या" वाली बात है। किन्तु मैदान से परे का  व्यक्तित्व ही तुम्हे एक अलग श्रेणी बना दिया जहा न जाने कितने वर्गो में बटे यहाँ  के लोग भी तुम्हारी बातो पर अपना भरोसा कायम करना नहीं भूले,और बाकि धर्म के साथ-साथ क्रिकेट धर्म भी पनपा जिसके तुम साक्षात् अवतार यहाँ माने गए। इतिहास में कई महान विभूति हुए होंगे जिनपर लोगे ने ऐसे भरोसा किया होगा ,किन्तु आज के  भारत में ऐसा तो नहीं कोई दीखता।  नहीं तो क्या ये सम्भव होता की क्रिकेट जब अपने गर्त में जा रहा था और उसके मुह पर सट्टे बाजी की कालिख लगी हुई थी और सभी को इस खेल से वितृष्णा हो रखा था तो किसी मार्ग दर्शक की भाँती आगे बढ़ कर की गई अपील को किसी ने ठुकराया नहीं,तुमपर भरोसा अपने से ज्यादा करते । जब क्रिकेट साम्प्रदायिकता   के  पत्थर से लहूलुहान हो रहा था ,तो आगे आकर अपने भावुक वाणी की कवच से तुमने क्रिकेट और मानवता की रक्षा की। शायद हम इस मनोवृति के संस्कारगत शिकार रहे है जिसका परिणाम है की भगवान् की तरह लोग  तुम्हारे ओर देखने लगे। ये कैसे सम्भव हो की हिमालय की अडिगता ,समुद्र की गंभीरता  ,वायु की ,पलता से लोग तुम्हे अलंकृत न करे। खैर ये सभी आभूषण तो कवि और लेखक की कल्पनाशीलता है जबकि तुम कल्पना न होकर मूर्त हो। जिसे की हम पिछले पच्चीस वर्षो से अपने आस -पास देख रहे है,फिर भी दिल है की मानता नहीं । 
    सचिन तेरे बिन अब भी क्रिकेट के मैदान वैसे ही सजंगे किन्तु अब उसमे वो रौनक नजर नहीं आएगी। चौके -छक्के भी लगेगे किन्तु उसमे वो उल्लास नहीं आएगा। मैच के निर्णय ही मायने रखेंगे किन्तु उसमे संभवतः वो आनंद का संचार नहीं होगा। मै कभी ये विचार नहीं किया की मै  क्रिकेट प्रेमी हु ,या इस खेल में संलग्न देश प्रेमी किन्तु ये कभी संकोच नहीं रहा की मै सचिन प्रेमी हु। तेरे बिन अब क्रिकेट वैसे ही अनुभव करूँगा जैसे की किसी खुबसूरत गीत का विडिओ देख रहा हु किन्तु आवाज नदारद है। जैसे की तुम क्रिकेट की बिना जीवन की कल्पना नहीं करते सम्यक वैसे ही मै सचिन के बिना क्रिकेट की कल्पना नहीं करता,मुझे डर बस ये है की कही गलती से इतिहास यदि अपने आपको दोहराएगा तो कौन तुम्हारे भार को वहन करेगा ,खिलाडी है तो मैदान पर तो वो इसे संभल लेंगे । 
   गतिशीलता जीवन की धुरी है और पूर्ण ठहराव अंत। मुझे लगता है की क्रिकेट के खेल के प्रति पूर्ण ठहराव बेशक न हो किन्तु ये एक अल्प विराम तो अवश्य ही है। जब तक की कोई और सचिन अवतरित नहीं होता या किसी को सचिन के अवतार के रूप में नहीं देखता। तब तक सचिन तेरे बिन क्रिकेट बिना स्याही की कलम ही है……। 

Wednesday 9 October 2013

एक याचना


माता तेरे नाम में   
श्रद्धा अपरम्पार है
झूम रहे है  भक्त सब
नव-रात्र की जयकार है । ।

शक्ति सब तुम में निहित
तुम ही तारनहार हो
सृष्टि की तुम पालनकर्ता 
तुम कल्याणी धार हो  । । 

माता तेरे आगमन पर
कितने मंडप थाल  सजे
क्या -क्या अर्पण तुझको करते
शंख मृदंग करताल बजे। ।

कुछ भक्त है ऐसे भी
जो अंधकार में खोये है
करना चाहे वंदन तेरा
पर जीवन रण में उलझे है। 

क्या लाये वो तुझे चढ़ावा 
जब झोली उनकी खाली है 
श्रद्धा सुमन क्या अर्पित करते 
तेरे द्वार भरे बलशाली है। । 

तू तो सर्व व्यापी मैया
ऐसे  क्यों तू रूठे है
उन्हें देख कर लोग न कह दे  
तेरे अस्तित्व झूठे है। । 

है बैठे  फैलाये झोली कब से 
तेरी कृपा की वृष्टि हो 
बस भींगे उसमे तन मन से 
उनमे भी एक नए युग की सृष्टि हो। । 

Sunday 6 October 2013

विरोधाभास

                        


         नव शारदीय नव रात्र  की सभी को हार्दिक शुभकामना एवं बधाई।  इस रचना को किसी प्रकार के धार्मिक बन्धनों में बंध कर न देखे। स्वाभाविक रूप से किसी के आहात होने से खेद है  -----   

आडम्बरों  के  पट खुल गए ,
मन के कुत्सित सेज पर ,
पवित्रता के आवरण झुक गए  । 
मूर्त शक्ति की परीक्षा हर रोज, 
अमूर्त शक्ति पे सब शीश झुक गए। 
नव शारदीय उत्साह का संचार
भाव -भंगिमा बदले ,नहीं विचार। 
विरोधाभास के मंडपों में ,
कुम्हार के गढ़े कच्चे रूपों में ,
श्रधा जाने कैसे उभर आते  है। 
जिस धरा पर लगभग हर रोज ,
कितने कन्या पट खुलने से पूर्व ,
विसर्जित कर दिए जाते है। 
आँगन में शक्ति का आंगमन 
हर्ष नहीं ,विछोह से मन 
परम्पराओ में जाने क्यों ढोते है, 
ऐसे विरोधाभास कैसे बोते है। 
माँ इस बार कुछ अवश्य करेगी 
कुत्सित महिषासुर के विचारो पे 
सर्वांग शस्त्रों से प्रहार करेगी। । 

Wednesday 2 October 2013

एक आत्मा की पुकार

हो आबद्ध युगों -युगों से
निरंतर दर-दर बदलता रहा
मुक्ति की खोज में
अब तक किसी न किसी 
काया संग युक्त ही चलता रहा.…। 

 मै अजन्मा ,जन्म काया
निर्लिप्त ही, न मोह पाया
शस्त्र ,वायु या अग्नि
अशंख्य पीड़ा की जननी  
अन्य भी न संहार पाया  ……. । 

किन्तु अब घुटता यहाँ
काया में बसता जहाँ
मलिनता छा रहा
मै  आत्मा अब
खुद पर ही रोता रहा ……. ।  

सतयुग से भटकता   
कदम बढाता कल्कि तक पंहुचा 
शायद मै  हो जाऊ मुक्त 
अंतिम सत्य से दर्शन 
युगों युगों से अब तक विचरण ……. ।  

धृष्टता सब युगों में देखि
किन्तु अब ये संस्कार 
मन मलिन काया संग करता 
मै आत्मा वेवश लाचार
किन्तु दोष ले पुनः भटकता…… . । 

जीर्ण -शीर्ण रक्षित देह 
व्याकुल विवश कितने से नेह 
मृत जग न छोड़ जाना चाहे 
किन्तु मै हर्षित हो अब 
महाप्रयाण करू इस जग से परे…….. . ।  

करुणा पुकार अब श्याम करू 
इन दिव्यता से उद्धार कर  
मै  भी चाहूँ मुक्ति अब 
खुद से अब इस आत्मा का 
इस धरा से संहार कर…… . ।